Aftab Khan,,,,,,,,,,,, Human Rights Media Council AMMP 24 News: Date: Sun, 05 Dec 2021 06:30 PM

आपको बता दें, आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने रविवार को सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने उन्हें फोन किया और उनसे पूछा कि वे भाजपा में शामिल होने के लिए क्या लेंगे। उन्हें सीधे तौर पर पैसा और पद दोनों की पेशकश की गई। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर वे एक बार हां कर दें तो उन्हें केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। मनपसंद मंत्रालय भी दिया जाएगा।
मान ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा नेताओं पर सनसनीखेज खुलासा किया। मान ने कहा कि उन्होंने भाजपा के नेताओं से कहा है कि मैं मिशन पर हूं, कमीशन पर नहीं। मैं भाजपा की कुर्सी अस्वीकार करता हूं। मान ने कहा कि पंजाब के लोग मुझ पर भरोसा करते हैं, इसलिए पर्याप्त पैसा होने के बावजूद भी भाजपा मुझे खरीद नहीं सकती।
दरअसल, भाजपा पंजाब के लोगों का विश्वास जीतने की कोशिश कर रही है लेकिन मैं पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के लिए लड़ता रहूंगा। मान ने कहा कि वह आधी रोटी खाकर गुजारा कर सकते हैं लेकिन भाजपा में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी और सरकार है जिसने 700 किसानों की हत्या की।
लखीमपुर में गाड़ी चढ़वा कर गरीब किसानों को कीड़े की भांति कुचल दिया। किसान आंदोलन की माताओं- बहनों और उनके सगे संबंधियों को गालियां देकर उन्हें गुंडे, पागल, आतंकवादी कहने वाली भाजपा को आप के किसी कार्यकर्ता को भी खरीदने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। भगवंत मान को खरीदने के भ्रम की तो बात ही छोड़ दीजिए।
पंजाब में भाजपा के सारे समझौते रहेंगे नाकाम
कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखदेव सिंह ढींढसा के साथ भाजपा के समझौते के बारे में भगवंत मान ने कहा कि भाजपा के नेता इधर-उधर हाथ-पांव मार रहे हैं क्योंकि पंजाब में भाजपा का अपना कुछ भी नहीं है लेकिन शून्य में चाहे कितने ही शून्य और जोड़ दिए जाएं, परिणाम शून्य ही होता है।au
