Aftab Khan मानवाधिकार मीडिया AMMP 24 News: Date:Wed, 10 Nov 2021 10:00 AM

आपको बता दें,उत्तर प्रदेश के कासगंज में पुलिस अभिरक्षा में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। इस प्रकरण में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का बयान हैरान करने वाला है। बकौल पुलिस कप्तान आरोपी युवक ने अपनी जैकेट की डोरी से फांसी लगाकर जान दी। ये बात परिजन स्वीकार नहीं कर रहे है। हालांकि पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है।
अलताफ (22) पुत्र चांद मियां निवासी नगला सैय्यद टायल मिस्त्री का काम करता था। किसी परिवार में वह टायल लगा रहा था। उसी परिवार की लड़की लापता हो गई। लड़की के परिजनों ने युवक पर लड़की भगा ले जाने की शिकायत पुलिस से की। इस शिकायत पर पुलिस सोमवार की रात्रि करीब आठ बजे युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। तभी से आरोपी युवक पुलिस की हिरासत में था। मंगलवार अपराह्न के समय अलताफ ने पेशाब जाने के लिए कहा तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे हवालात के शौचालय में भेज दिया। आरोप है कि यहां युवक ने अपनी जैकेट की टोपी में लगी डोरी को पाइप में बांधकर गले में फांसी लगा ली। कुछ देर तक युवक जब बाहर नहीं निकला तो पुलिसकर्मियों ने अंदर जाकर उसे आवाज लगाई, लेकिन आवाज नहीं आई। शौचालय में देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था और उसकी सांसें चल रहीं थीं। पुलिस युवक को जिला अस्पताल ले गई। यहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
परिवार में मचा कोहराम
युवक की मौत की सूचना परिवार के लोगों को दी गई। युवक की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोगों में पुलिस के खिलाफ काफी आक्रोश देखा गया। पिता चांदमियां एवं मां फातिमा सहित अन्य परिजन पुलिस पर हत्या का आरोप लगा रहे थे।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस मामले में ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है कि कासगंज में पूछताछ के लिए लाए गए युवक की थाने में मौत का मामला बेहद संदेहास्पद है। लापरवाही के नाम पर कुछ पुलिसवालों का निलंबन सिर्फ दिखावटी कार्रवाई है। इस मामले में इंसाफ व भाजपा के राज में पुलिस में विश्वास की पुनर्स्थापना के लिए न्यायिक जांच होनी ही चाहिए।
कासगंज पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे का कहना है कि आरोपी युवक नाबालिग लड़की को भगाने के आरोप में नामजद था। पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए लाई थी। जैकेट की डोरी से युवक ने शौचालय में फांसी लगाई है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
